पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बांसडीह क्षेत्र के अकोल्ही गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग में पांच रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग की घटना से गांव में देर रात अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
जानकारी के अनुसार श्रीराम राजभर का परिवार रात में खाना खाकर सो रहा था, तभी अचानक उनकी झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित हरेराम राजभर की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मिलकर आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान (45) वर्षीय श्रीराम राजभर और (43) वर्षीय हरेराम राजभर आग की लपटों से झुलस गए। दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे में एक बकरे की जलकर मौत हो गई, जबकि एक भैंस और दो बकरियां झुलस गईं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। आग की चपेट में आकर बाइक, साइकिल, बर्तन, कपड़े समेत घर-गृहस्थी का हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अज्ञात कारणों से पांच झोपड़ियों में लगी आग, हजारों का सामान जलकर राख










