Home / Uncategorized / किसानों को 50% सब्सिडी पर मिल रहा हाइब्रिड मक्का बीज

किसानों को 50% सब्सिडी पर मिल रहा हाइब्रिड मक्का बीज

राजकीय बीज भंडारों पर उपलब्ध

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।जनपद के किसानों को जायद सीजन में हाइब्रिड मक्का बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। यह सुविधा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम एवं संकर बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने की योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई जा रही है। किसान अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडारों से अनुदानित दर पर बीज प्राप्त कर सकते हैं।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि वर्तमान समय जायद सीजन में मक्का की बुवाई के लिए सबसे उपयुक्त है। राजकीय कृषि बीज भंडारों पर HQPM-5 प्रजाति का हाइब्रिड मक्का बीज उपलब्ध है, जिसका विक्रय मूल्य 285 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित है। इस पर किसानों को 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जायद सीजन में मक्का की खेती करने वाले किसान अपने-अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर अनुदानित बीज प्राप्त कर सकते हैं। बीज का वितरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है।

किसानों को बीज खरीदते समय पूरा मूल्य जमा करना होगा, जिसके बाद अनुदान की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *