पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। कपसेठी चौराहे पर काफी समय से सक्रिय भीख मांगने वाले गिरोह और पागल बनकर घूम रहे लोगों की समस्या को लेकर मंगलवार की शाम लगभग 04 बजे कार्रवाई की गई। स्थानीय व्यापारियों की सूचना पर “अपना घर आश्रम” संस्था की टीम एंबुलेंस के साथ चौराहे पर पहुंची और वहां भीख मांगने वाले तथा असामान्य हालत में घूम रहे लोगों को पकड़कर वाहन में बैठाने लगी। अचानक हुई इस कार्रवाई से कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, मौके से इधर-उधर भाग निकले।
संस्था के कर्मचारियों ने बताया कि बनारस में संचालित “अपना घर आश्रम” ऐसे लोगों को आश्रय देता है जो सड़कों पर भीख मांगते हैं या मानसिक रूप से अस्थिर होकर भटकते रहते हैं। संस्था उन्हें अपने आश्रम ले जाकर भोजन, रहने और इलाज की निःशुल्क व्यवस्था करती है। साथ ही उन्हें तब तक आश्रम में रखा जाता है जब तक वे सामान्य जीवन की ओर लौटकर कोई काम करने लायक न हो जाएं।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार कपसेठी चौराहे पर लंबे समय से महिला, पुरुष और बच्चों का एक समूह भीख मांगता था। संस्था की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।










