मुगलसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का पुतला!सख्त कार्रवाई की मांग
पूर्वांचल राज्य/रुद्र पाठक
चंदौली। बिहार के मौलाना अब्दुल्लाह सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की मां को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में जनपद चंदौली में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. के. एन. पाण्डेय ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने “मौलाना अब्दुल्ला सलीम मुर्दाबाद”, “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” जैसे नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। नारेबाजी से पूरा इलाका देर तक गूंजता रहा।
पुतले को चप्पलों से पीटा, फिर किया दहन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना अब्दुल्लाह सलीम की तस्वीर लगे पुतले को पहले चप्पलों से पीटा और फिर लाठी-डंडों से वार कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद पुतले को आग के हवाले कर दिया गया। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मां का अपमान पूरे समाज का अपमान
इस मौके पर भाजपा नेता डॉ. के. एन. पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की मां के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी न केवल एक परिवार का बल्कि पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का स्थान सर्वोच्च माना जाता है और किसी की मां के बारे में इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करने की हिम्मत न कर सके।वही के डा एन पांडेय ने कहा कि पता नहीं समाज किस दिशा में जा रहा है लोग विरोध करने के लिए इतने उतावले है कि शब्दों की मर्यादा और संस्कारों का भी ध्यान नहीं दे रहे है।जिसे जो मन में आए वो बोले जा रहा है।विरोध का भी एक मर्यादा होता है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता
प्रदर्शन में भाजपा के कई
पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मुस्तैद रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।










