पूर्वांचल राज्य ब्यूरो महाराजगंज/अब्दुल कलाम /
आईपीएल शुगर मिल सिसवा बाजार ने गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर दी है। मिल के इकाई प्रमुख संदीप पवार ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 के तहत 18 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक खरीदे गए 2 लाख 42 हजार कुंतल गन्ने का मूल्य 9 करोड़ 64 लाख रुपये किसानों के खातों में भेज दिया गया है। यह राशि जल्द ही किसानों के बैंक खातों में दिखाई देने लगेगी।
मिल के विभागाध्यक्ष (गन्ना) धीरज सिंह ने किसानों से साफ-सुथरा एवं ताजा गन्ना मिल को आपूर्ति करने की अपील की है। उन्होंने किसानों को आगामी बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लिए उन्नत प्रजातियों का बीज अभी से सुरक्षित करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसान को.0118, कोशा.13235, कोलख.14201, को.15023 और कोलख.16202 जैसी उन्नत गन्ना प्रजातियों का बीज अपने पास-पड़ोस में बुक करा लें, ताकि बुवाई के समय किसी प्रकार की समस्या न हो।
वहीं गन्ना प्रबंधक अरविंद कुमार सिंह ने किसानों को अनाम गन्ना प्रजातियों की बुवाई न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान चीनी मिल सिसवा बाजार के गन्ना विभाग या गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर प्रमाणित एवं उन्नत प्रजातियों की ही बुवाई करें।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में गन्ने की बुवाई ट्रेंच एवं रिंग पिट विधि से करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे श्रमिकों पर निर्भरता कम होती है और उत्पादन बेहतर मिलता है। साथ ही मिल क्षेत्र में शुगर केन हार्वेस्टर भी उपलब्ध हो गया है, जिससे गन्ने की कटाई कराई जा रही है।
मिल प्रशासन ने किसानों से अधिक से अधिक क्षेत्र में ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई करने और हार्वेस्टर सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।










