Home / Uncategorized / ईएसआईसी प्लेटिनम जुबली पर रेणुकूट हॉस्पिटल में धूमधाम से मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

ईएसआईसी प्लेटिनम जुबली पर रेणुकूट हॉस्पिटल में धूमधाम से मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

रेणुकूट (सोनभद्र)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे प्लेटिनम जुबली समारोह तथा ईएसआईसी पखवाड़े के अंतर्गत रेणुकूट औद्योगिक क्षेत्र स्थित चाचा कॉलोनी के सामने बने ईएसआई हॉस्पिटल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर पूरे चिकित्सालय परिसर को आकर्षक ढंग से रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया, जिससे वातावरण उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम में चिकित्सालय एवं औषधालय के समस्त कार्मिकों, चिकित्सा अधिकारियों तथा बीमांकित कर्मचारियों की पत्नियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें कविता पाठ, गीत-संगीत, नृत्य तथा अन्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

समारोह के समापन अवसर पर चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दत्त त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अतुलनीय है। उन्होंने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित महिलाओं एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाली प्रमुख प्रतिभागियों में प्रियंका पटेल, आशा यादव, आरती शुक्ला, साधना कुशवाहा, पूजा दूबे, सरिता मिश्रा, सुनीता यादव और रीमा जॉन सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को यादगार बना दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *