पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज। क्षेत्र में इन दिनों घरेलू रसोई गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। सुबह होते ही गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं, जहां लोगों को सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और उससे गैस आपूर्ति प्रभावित होने की खबरों के बीच लोगों में आशंका है कि आने वाले समय में गैस की किल्लत और बढ़ सकती है। इसी डर के चलते कई उपभोक्ता तय समय से पहले ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ और अधिक बढ़ गई है।उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां समय पर गैस मिल जाती थी, वहीं अब बुकिंग के बाद भी लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में यह स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग सुबह से लाइन में लग कर दोपहर बाद सिलेंडर लेकर घर लौटते हैं। महिलाओं का कहना है कि रसोई की पूरी व्यवस्था गैस सिलेंडर पर निर्भर है, ऐसे में देर से मिलने वाली गैस से घर के कामकाज पर सीधा असर पड़ रहा है। वृद्ध और महिलाएं धूप-गर्मी में लाइन में खड़े होने को मजबूर हैं, जिससे आक्रोश भी बढ़ रहा है।इधर दूसरी ओर क्षेत्र के बागापार, झनझनपुर, फुर्सतपुर, चौक बाजार, टीकर परसौनी, मिठौरा, कंचनपुर, नरायनपुर, रजवल सहित प्रमुख चौराहों और बाजारों में चाय, चाट और फास्ट फूड की दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है। नियमों के अनुसार इन दुकानों पर कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग होना चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर एक साथ तीन से चार तक घरेलू सिलेंडर जुड़े देखे जा रहे हैं। इससे आम लोगों के बीच यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि जब घरेलू उपभोक्ता अपने घर की रसोई के लिए सिलेंडर पाने को लाइन में खड़े हैं, तो व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक इतनी संख्या में घरेलू सिलेंडर कैसे पहुंच रहे हैं। घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग कानूनन प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में कार्रवाई का प्रावधान है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग की ढिलाई के कारण घरेलू गैस का काला बाजारी और दुरुपयोग बढ़ रहा है। उनका कहना है कि अगर चौराहों और बाजारों पर अचानक जांच की जाए, तो बड़ी संख्या में घरेलू सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में मिलेगी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों और बाजारों में संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे दुरुपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि वास्तविक जरूरतमंद घरेलू उपभोक्ताओं को समय से सिलेंडर मिल सकेगा
घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर संकट गहराया, लंबी कतारों से उपभोक्ता परेशान










