नवजात बेटियों के जन्म पर मनाया कन्या जन्मोत्सव
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को जनपद चंदौली के पंडित कमला पति त्रिपाठी संयुक्त चिकित्सालय एवं मातृ-शिशु विंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर व आधुनिक बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने महिला वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष सहित अन्य विभागों का दौरा किया तथा अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली और अधिकारियों को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मातृ-शिशु विंग के निरीक्षण के दौरान डॉ. चौहान ने पूरे परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता, समय पर उपचार और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल की व्यवस्था को और बेहतर तथा आधुनिक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान उन्होंने नवजात बच्चियों की माताओं और उनके परिजनों से मुलाकात कर समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चियों के जन्म पर उदास होने के बजाय इसे उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। बेटे और बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। बेटियों को भी अच्छी शिक्षा, जागरूकता और स्वतंत्रता देकर उनके सपनों को साकार करने में परिवार और समाज को पूरा सहयोग देना चाहिए।
‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत अस्पताल में जन्मी नवजात बच्चियों के सम्मान में “कन्या जन्मोत्सव” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने केक काटकर खुशी जाहिर की और नवजात बच्चियों की माताओं को कन्या जन्मोत्सव सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही माताओं को किट भी वितरित की गई।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बेटियों के उत्थान और सुरक्षा के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग को इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय, उपजिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा, पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










