चंदौली के 1.98 लाख किसानों के खाते में आएंगे 39.65 करोड़ रुपये
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली। उप कृषि निदेशक चंदौली भीमसेन ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार तथा कृषि निदेशालय उत्तर प्रदेश (पीएम किसान प्रकोष्ठ) कृषि भवन लखनऊ के निर्देशानुसार 13 मार्च 2026 को सायं 5 बजे गुवाहाटी (असम) से प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों की 22वीं किस्त जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस किस्त के अंतर्गत जनपद चंदौली के कुल 1,98,246 किसानों के बैंक खातों में लगभग 39.65 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि इस अवसर पर जनपद स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र, सभी विकास खंडों तथा सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने-अपने विकास खंड अथवा ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुनें और योजना का लाभ प्राप्त करें।










