पूर्वांचल राज्य, वाराणसी (चौबेपुर)
पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सचेत करने के उद्देश्य से बुधवार को स्वर्वेद महामंदिर परिसर में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।अभियान के तहत उपनिरीक्षक चंद्रमोहन यादव, कांस्टेबल शशि सरोज तथा महिला कांस्टेबल अंजलि ने लोगों को बताया कि अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर तुरंत सावधान रहें।पुलिसकर्मियों ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वह तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकता है। साथ ही लोगों को ऑनलाइन लेन-देन करते समय पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।इस मौके पर मौजूद लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।










