Home / Uncategorized / 57 वार्डों में बदली जाएगी पेयजल पाइप लाइन, 72 घंटे में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश

57 वार्डों में बदली जाएगी पेयजल पाइप लाइन, 72 घंटे में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश

पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़े स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर नगर के 57 वार्डों में पेयजल पाइप लाइन बदलने की योजना शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के सभागार में आयोजित बैठक में महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह को निर्देशित किया कि नगर निगम सीमा के सभी 57 वार्डों में पुरानी पेयजल पाइप लाइनों को बदलने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर जल्द प्रस्तुत की जाए। साथ ही बैठक में मौजूद सभी सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे यह प्रमाणित करेंगे कि उनके क्षेत्र में पाइप लाइन परिवर्तन के लिए कोई अन्य स्थान शेष नहीं है।
बैठक में आईजीआरएस और 311 टोल फ्री नंबर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि पूर्व में प्राप्त सभी शिकायतों का 72 घंटे के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रतिदिन मिलने वाली शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की देरी न हो।
सीवर व्यवस्था को लेकर भी नगर आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सीवर चेम्बरों की मरम्मत की जा रही है, उनका जियो टैग फोटो सहित पूरा विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जाए, ताकि आम नागरिक भी इसकी जानकारी प्राप्त कर सकें और पारदर्शिता बनी रहे।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए स्थानों का चयन करने और वहां वाटर कूलर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही जो पुराने वाटर कूलर खराब हैं, उन्हें एक माह के भीतर ठीक कराने और सभी वाटर कूलरों का एएमसी कराने के लिए भी कहा गया।
बैठक में महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव जलकल विश्वनाथ, अधिशासी अभियंता रामअवतार सहित सभी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *