पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज, 11 मार्च 2026: कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना 2027 की तैयारियों हेतु जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। इस प्रशिक्षण में सभी ग्रामीण एवं शहरी चार्ज अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की।प्रशिक्षण के पहले दिन जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रमुख जनगणना अधिकारी के नाते उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि जनगणना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, इसकी महत्ता जन-जन तक पहुंचाएं तथा पूर्ण गोपनीयता का पालन करें। कार्यान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में ‘मकान सूचीकरण एवं आवास गणना’ का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक चलेगा। इससे पूर्व 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक सामान्य नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। द्वितीय चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक निर्धारित है।जनगणना कार्य निदेशालय के मंडल प्रभारी डॉ. गौरव पांडेय तथा जिला प्रभारी अम्बिका मौर्या ने सीएमएमएस पोर्टल, एचएलडब्ल्यूओ (हाउस लिस्टिंग एंड हाउस नंबरिंग ऑपरेशंस) गठन सहित विभिन्न सत्रों पर गहन चर्चा व प्रशिक्षण प्रदान किया। राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों ने भी तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीआरओ, डीईएसटीओ, नगर निकाय के सभी अधिशासी अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का दूसरा दिन भी महत्वपूर्ण सत्रों के साथ जारी रहेगा।
जनगणना 2027 की तैयारियां, कलेक्ट्रेट में अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू










