पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
जिला पूर्ति अधिकारी ए०पी० सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद के सभी अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को माह मार्च 2026 के सापेक्ष खाद्यान्न का वितरण 12 मार्च से 28 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इसके साथ ही अन्त्योदय कार्डधारकों को जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 की तीन माह की चीनी का वितरण भी एक साथ किया जाएगा।जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जनपद की सभी उचित दर की दुकानों पर निर्धारित समय के अनुसार खाद्यान्न वितरण कराया जाएगा। अन्त्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल निःशुल्क दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त तीन माह के सापेक्ष प्रति कार्ड 3 किलोग्राम चीनी भी वितरित की जाएगी, जिसकी दर 18 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित की गई है।
वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 1 किलोग्राम गेहूं तथा 4 किलोग्राम चावल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह वितरण उचित दर की दुकानों पर पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राशन प्राप्त करने के लिए मोबाइल ओटीपी सत्यापन की व्यवस्था लागू रहेगी तथा राशन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर उचित दर की दुकानों पर पहुंचकर नियमानुसार राशन प्राप्त करें और वितरण प्रक्रिया में सहयोग करें।
इसके साथ ही उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वितरण के दौरान सभी आवश्यक नियमों और कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करें, ताकि राशन वितरण प्रक्रिया सुचारु और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
12 से 28 मार्च तक मिलेगा मुफ्त राशन, अन्त्योदय कार्डधारकों को तीन माह की चीनी एक साथ










