Home / Uncategorized / कड़ी सुरक्षा में होगी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, एसपी ने पुलिस लाइन में की ब्रीफिंग

कड़ी सुरक्षा में होगी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, एसपी ने पुलिस लाइन में की ब्रीफिंग

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने रिजर्व पुलिस लाइन में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नकल या संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के लिए भी निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी तथा सकुशल संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित और शांत माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *