पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
जनपद में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने की। इस दौरान उन्होंने जनपद की अपराध स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं में तेजी लाने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें विभिन्न थानों से आए पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में उठाई गई समस्याओं के निस्तारण की जानकारी लेते हुए शेष मामलों को शीघ्र हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से नियमित संवाद बनाए रखें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
मासिक अपराध गोष्ठी में भारतीय दंड संहिता एवं बीएनएस के तहत दर्ज अपराधों, महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों तथा निरोधात्मक कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी तथा ऑपरेशन क्लीन की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अनावरण शेष मामलों की समीक्षा करते हुए थानाध्यक्षों को जांच में तेजी लाने और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वांछित अभियुक्तों, पुरस्कार घोषित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान को और तेज करने के लिए कहा गया।
आईजीआरएस एवं जनसुनवाई से जुड़े प्रकरणों पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि थानाध्यक्ष स्वयं जांच कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें और शिकायतकर्ताओं से बेहतर फीडबैक सुनिश्चित करें। सीएम डैशबोर्ड पर फीडिंग, गैंगस्टर अधिनियम के प्रस्तावित मामलों, ऑपरेशन कनविक्शन के तहत चिन्हित अभियोगों की पैरवी तथा पब्लिक ग्रीवेंस पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान गो-तस्करी पर सख्त रोक लगाने, चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए ज्वेलरी दुकानों व संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी, गुमशुदा बच्चों की खोज और मिशन मोड पर चिन्हित मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने आगामी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा चैत्र रामनवमी, रमजान और ईद-उल-फितर जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया।
गोष्ठी के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया और वहां प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों की ट्रेनिंग को संतोषजनक बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक, मीडिया सेल, यूपी-112, यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
महराजगंज में अपराध नियंत्रण पर सख्त निर्देश, एसपी ने मासिक अपराध गोष्ठी में दिया सख़्त आदेश










