Home / Uncategorized / तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकराई, 19 वर्षीय युवक की मौत

तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकराई, 19 वर्षीय युवक की मौत

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/परतावल।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धनहा नायक में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में वहां जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित निषाद (19) पुत्र विनय निषाद, निवासी अंबे चौक केवट टोला थाना पडरौना, जनपद कुशीनगर अपने भांजे भोलू निषाद निवासी ग्राम सभा पचरुखिया थाना भिटौली जनपद महराजगंज के साथ पिपराइच में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब वे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धनहा नायक के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल अमित निषाद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर सवार भोलू निषाद इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाना इस तरह के हादसों का प्रमुख कारण बन रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *