पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जन भवन लखनऊ के दिशा निर्देशन में जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय द्वारा दो महिलाओं माधुरी यादव, बुल्लापुर, अखार, सवरुबाध,बलिया को टेन्ट हाउस, लाइट हाउस और प्रिया सिंह, गुरवां मिडढा, को ब्यूटी पार्लर व मेकअप के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित होने के लिए जन भवन भेजा गया था। जहाँ कुलाधिपति आनन्दीबेन पटेल द्वारा इन्हे सम्मानित किया गया। ये महिलाएं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना का लाभ प्राप्त कर स्टार्ट अप प्रारम्भ करने वाली महिलाएं है। सम्मानित महिलाओं को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो संजीत कुमार गुप्ता ने अभिनंदन करते हुए उनके योगदान की सराहना की और कहा कि आप लोग अपने क्षेत्र में अन्य महिलाओ को भी सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी प्रदान कीजिये, ताकि उन महिलाओ का भी जीवन सुधर सके। कुलपति ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा तथा उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भूमिका समाज को नई दिशा प्रदान कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जन भवन ,लखनऊ में कुलाधिपति द्वारा सम्मानित महिलाओं ने अपने कार्यों से समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया है। विश्वविद्यालय उनके योगदान को सम्मानित करते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। महिला अध्ययन केन्द्र द्वारा आयोजित व्याख्यान विषय-युवाओं में उद्यमिता एवं कौशल विकास हेतु विकास पर सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज के लिए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया। व्याख्यान का संचालन डॉ मंशा पाण्डेय और धन्यवाद ज्ञापन महिला अध्ययन केन्द्र की संयोजक डॉ रंजना मल्ल ने किया। इस अवसर पर डा स्मिता, डा प्रज्ञा बौद्ध, डा निहारिका यदुवंशी, डा अंजली भारद्वाज, डा रुबी विश्वास सहित अन्य प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।
जन भवन, लखनऊ में सम्मानित महिलाओं का कुलपति ने किया स्वागत










