Home / Uncategorized / नो आयुष्मान, नो अनाज’ व्यवस्था लागू, 31 मार्च तक पूरा करें आयुष्मान कार्ड का लक्ष्य: डीएम

नो आयुष्मान, नो अनाज’ व्यवस्था लागू, 31 मार्च तक पूरा करें आयुष्मान कार्ड का लक्ष्य: डीएम

लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई: आयुष्मान कार्ड पर डीएम सख्त

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले के सभी सीएचओ के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 16 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 9 लाख 84 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 7 लाख 11 हजार 584 कार्ड अभी बनाए जाने बाकी हैं। पात्र गृहस्थी, अंत्योदय कार्डधारकों तथा 70 प्लस आयु वर्ग के व्यक्तियों को मिलाकर कुल 3 लाख 10 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 जनवरी 2026 से चलाया जा रहा है और 31 मार्च से पहले लक्ष्य पूरा किया जाना है। शासन स्तर से सभी सीएचओ को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई गई है। जिन सीएचओ की ऑपरेटर आईडी बन चुकी है, उन्हें प्रतिदिन कम से कम 10 आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सीएचओ गांव-गांव जाकर कोटेदारों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं। साथ ही तैयार किए गए कार्डों और शेष बचे कार्डों की सूची जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि “नो आयुष्मान, नो अनाज” व्यवस्था लागू कर दी गई है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीएमओ, समस्त सीएचओ एवं स्वास्थ्य विभाग कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *