पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
जनपद महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। युवक की जेब से मिले सुसाइड नोट के बाद मामला आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को तड़के करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि खुशहालनगर स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक व्यक्ति को लिटाया गया है। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची। वहां लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक मुंह के बल पड़ा हुआ मिला। इसी दौरान उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान श्याम कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय गणेश, निवासी वार्ड नंबर 9 थाना घुघली जनपद महराजगंज के रूप में हुई। पुलिस को युवक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने जीवन से हार मानने की बात लिखी है। नोट में लिखा है कि उसके इस कदम के लिए वह स्वयं जिम्मेदार है और इसमें परिवार के किसी सदस्य की कोई गलती नहीं है। साथ ही उसने परिवार के लोगों से माफी भी मांगी है।
घटना के संबंध में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सब इंस्पेक्टर अजय कुमार राय ने बताया कि उक्त युवक रेलवे ट्रैक पर मुंह के बल पड़ा हुआ था। ट्रेन संख्या 55095 के गार्ड शीतल प्रसाद ने सबसे पहले उसे देखा और अचेत अवस्था में ट्रैक से हटाकर प्लेटफार्म पर लिटाया था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










