Home / Uncategorized / घर-घर गैस डिलीवरी का दावा फेल, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सिलेंडर, उपभोक्ताओं में आक्रोश

घर-घर गैस डिलीवरी का दावा फेल, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सिलेंडर, उपभोक्ताओं में आक्रोश

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/परतावल।
नगर पंचायत परतावल स्थित राज गैस एजेंसी द्वारा घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने का किया गया दावा अब सवालों के घेरे में आ गया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग के 24 घंटे बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में एजेंसी के प्रोपराइटर राज नारायण की ओर से एक वीडियो जारी कर उपभोक्ताओं से अपील की गई थी कि वे अपने घरों पर ही रहें और एजेंसी की ओर से गैस सिलेंडर उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा। हालांकि, वास्तविकता इससे अलग नजर आई। उपभोक्ताओं का कहना है कि पूरे दिन एजेंसी के गोदाम से ही गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया और लोगों को स्वयं जाकर सिलेंडर लेना पड़ा।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन एजेंसी की ओर से कोई डिलीवरी नहीं की गई। मजबूरी में लोगों को एजेंसी के गोदाम तक पहुंचना पड़ा, जहां भारी भीड़ के बीच घंटों इंतजार करना पड़ा। इस दौरान अव्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि जब एजेंसी द्वारा घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने का दावा किया गया था, तो फिर गोदाम से वितरण क्यों किया गया। इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी तो नहीं की जा रही है।
वहीं कई उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि सुबह से ही लगातार गैस बुकिंग करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन बुकिंग नंबर अपने आप कट जा रहा है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई परिवारों के घरों में रसोई गैस की समस्या उत्पन्न हो गई है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि एजेंसी द्वारा किया गया दावा सही नहीं था, तो इस प्रकार का वीडियो जारी कर लोगों को गुमराह क्यों किया गया। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *