Home / Uncategorized / एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर में स्वच्छता अभियान व मतदाता जागरूकता रैली आयोजित

एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर में स्वच्छता अभियान व मतदाता जागरूकता रैली आयोजित

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–I एवं इकाई–II द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत 11 और 12 मार्च को विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह शिविर प्राथमिक विद्यालय, अपायल में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण एवं निर्देशन में संचालित हो रहा है। शिविर के प्रथम दिवस 11 मार्च को कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को शिविर के उद्देश्य, गतिविधियों तथा आगामी दिनों की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत के बाद स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। श्रमदान के माध्यम से उन्होंने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और समाज में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के विषय में भी चर्चा की। शिविर के द्वितीय दिवस 12 मार्च को कार्यक्रम को मतदाता जागरूकता के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अपायल में एक भव्य मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने हाथों में जागरूकता से जुड़े नारे और संदेश लिखी तख्तियां लेकर ग्रामीणों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान “मतदान हमारा अधिकार है”, “जागरूक मतदाता – मजबूत लोकतंत्र” तथा “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने घर-घर संपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज सेवा एवं जनजागरण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। शिविर के इन कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *