Home / Uncategorized / चंदौली में एलपीजी गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर डीएम सख्त

चंदौली में एलपीजी गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर डीएम सख्त

अफवाह फैलाने पर होगी कार्यवाही, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य–डीएम

 

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली, 12 मार्च। जिले में रसोई गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। अफवाह फैलाने वालों और गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तेल कंपनियों के प्रबंधकों और एलपीजी गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने बताया कि जिले में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और वितरकों को उनकी मांग के अनुरूप सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बैठक में मौजूद गैस वितरकों ने भी आपूर्ति सामान्य होने की पुष्टि की।

जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति बन रही है। उन्होंने लोगों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने, गैस की जमाखोरी करने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अनावश्यक रूप से अतिरिक्त गैस सिलेंडर बुक न करने और घरों में सिलेंडर का भंडारण न करने की अपील की, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अनधिकृत भंडारण या अवैध वितरण नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने गैस वितरकों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न होने दें। साथ ही अधिकारियों को एलपीजी गोदामों, वितरण केंद्रों और संदिग्ध स्थलों पर नियमित निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *