आरोपी सीएचसी चोलापुर का कर्मचारी गिरफ्तार
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक्स-रे कराने के बहाने महिला से छेड़छाड़ व दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अस्पताल में एक्स-रे से संबंधित कार्य करता था।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत बुधवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सीएचसी चोलापुर परिसर से आरोपी शत्रुधन मिश्रा (57) पुत्र स्व. राम भरोसे मिश्रा, निवासी ग्राम दुम्रौना, पोस्ट बेल्हीखास, थाना कटैया, जनपद गोपालगंज (बिहार) को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि 6 मार्च को पीड़िता ने थाना चोलापुर में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सीएचसी चोलापुर में एक्स-रे कराने के दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पहले भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2) व 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(ई) व 76 की भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने बुधवार शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना चोलापुर पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक संध्या जायसवाल कर रही हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक संध्या जायसवाल, कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार सिंह शामिल रहे।










