Home / Uncategorized / एसआईआर: नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन के लिए आवेदन जारी, राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

एसआईआर: नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन के लिए आवेदन जारी, राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।

अजगरा (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके अंतर्गत मतदाताओं के नाम जोड़ने, विलोपित करने तथा संशोधन के लिए निर्धारित प्रारूपों के माध्यम से आवेदन लिए जा रहे हैं।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने क्षेत्र के सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, मंत्री एवं पदाधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मतदाता सूची में नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने के लिए प्रारूप-6, नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा विवरण में संशोधन के लिए प्रारूप-8 के माध्यम से आवेदन किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन तथा वोटर हेल्पलाइन और ईसीआईनेट ऐप के जरिए ऑनलाइन भी संचालित की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति के नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित कोई जानकारी देना हो या एसआईआर नोटिस के संबंध में कोई विषय संज्ञान में लाना हो तो संबंधित व्यक्ति मतदाता पंजीकरण केंद्र, विकास खंड परिसर चोलापुर में संपर्क कर सकता है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी प्रविष्टियों पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *