Home / Uncategorized / युवक को बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर ले गए, पोखरी के पास लोहे की रॉड से पीटा; मुकदमा दर्ज

युवक को बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर ले गए, पोखरी के पास लोहे की रॉड से पीटा; मुकदमा दर्ज

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/परतावल।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा तरकुलवा उर्फ भटगांवा में एक युवक को बहला-फुसलाकर ले जाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने श्यामदेउरवा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सभा तरकुलवा उर्फ भटगांवा निवासी पितामह यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 मार्च 2026 की शाम लगभग 8:30 बजे उनका पुत्र हरीकेश यादव नहर पुल पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बुधिरामपुर निवासी लल्लू खां का भतीजा एच.एफ. डीलक्स मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और उसे अपने साथ चमरहिया वाली पोखरी के पास ले गया।
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद तीन लोगों ने मोटरसाइकिल रुकते ही हरीकेश यादव पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे हमलावरों के चंगुल से बचाकर घर ले आए।
मारपीट की इस घटना में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए श्यामदेउरवा थाने में तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *