पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/परतावल।
विकास खंड परतावल के बड़हरा बरईपार स्थित नूर एचपी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे रात तीन-चार बजे से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग जाते हैं, इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
लोगों का आरोप है कि एजेंसी के पास स्थित एक मकान में कुछ लोगों द्वारा एक साथ कई सिलेंडर जमा किए जा रहे हैं। बाद में इन्हें अधिक कीमत पर बेचे जाने की चर्चा भी क्षेत्र में हो रही है। वहीं आम उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
गुरुवार को एजेंसी पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। उपभोक्ता सुनीता, विष्णु चौधरी, आसमां खातून और विक्रम सहित अन्य लोगों ने बताया कि लाइन में लगने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे खासकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में एजेंसी प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को इस तरह की परेशानी से राहत मिल सके।
नूर एचपी गैस एजेंसी पर अनियमितता का आरोप, घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर









