Home / Uncategorized / मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 546 जोड़े बने हमसफर, परतावल में भव्य आयोजन

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 546 जोड़े बने हमसफर, परतावल में भव्य आयोजन

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/परतावल।
जनपद महराजगंज के नगर पंचायत परतावल स्थित पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज के विशाल मैदान में शुक्रवार को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए कुल 546 जोड़ों का विवाह विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न कराया गया। विशाल पंडाल, आकर्षक सजावट और सजे-धजे विवाह मंडपों के बीच पूरे परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञानेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय तथा पूर्व चेयरमैन कृष्ण गोपाल जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
सामूहिक विवाह समारोह की विशेषता यह रही कि इसमें हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म के जोड़ों का विवाह उनकी-उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। विवाह मंडपों में जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने सात फेरे लिए, वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी की मौजूदगी में संपन्न हुआ तथा बौद्ध रीति से भी विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। इस बहुधार्मिक आयोजन ने सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की।
प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी से जुड़ा आवश्यक सामान और आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें नए जीवन के लिए विदा किया।
समारोह को और आकर्षक बनाने के लिए बीच-बीच में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे परिजनों और क्षेत्रीय नागरिकों ने पूरे आयोजन का आनंद लिया और सरकार की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना श्यामदेउरवा के थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह तथा परतावल पुलिस चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया।
लोगों ने सरकार की इस योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की और कहा कि इससे गरीब परिवारों को अपनी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक करने में बड़ी सहायता मिल रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *