Home / Uncategorized / बांसडीह में लंबी लाइन के बाद कई उपभोक्ता खाली हाथ लौटे, एसडीएम ने दिया आपूर्ति का आश्वासन

बांसडीह में लंबी लाइन के बाद कई उपभोक्ता खाली हाथ लौटे, एसडीएम ने दिया आपूर्ति का आश्वासन

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। अंतरराष्ट्रीय ईरान-इजरायल युद्ध के कारण रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जहां गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। शुक्रवार को बांसडीह स्थित रुद्र भारत गैस एजेंसी पर लगभग एक सप्ताह बाद गैस से भरी गाड़ी पहुंची। एजेंसी को कुल 468 सिलेंडरों की आपूर्ति हुई।
हालांकि, सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गोदाम पर पहुंच गए थे, जिससे सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें लग गईं। कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बताया गया है कि एजेंसी के पास करीब 22 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन हैं, जबकि शुक्रवार को मिली आपूर्ति बेहद कम थी। इस कारण लंबी लाइन के बावजूद कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी और उन्हें निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की किल्लत के कारण घरों में खाना बनाने में कठिनाई हो रही है। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी और अन्य पारंपरिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। भीड़ अधिक होने के कारण गोदाम पर अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली। कुछ स्थानों पर ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी भी हुई। एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि गैस की आपूर्ति में अस्थायी व्यवधान के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने संबंधित गैस एजेंसियों को उपलब्ध सिलेंडरों का वितरण पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से करने का निर्देश दिया है।एसडीएम ने यह भी कहा कि जल्द ही अतिरिक्त आपूर्ति आने की संभावना है और गैस वितरण व्यवस्था सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *