Home / Uncategorized / बालक को बचाने में पुल से 50 फीट नीचे नदी में समा गई कार

बालक को बचाने में पुल से 50 फीट नीचे नदी में समा गई कार

नवविवाहित चालक चमत्कारिक रूप से बचा, कुछ पल के लिए ग्रामीणों की बढ़ गई धड़कन

पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।

शुक्रवार की शाम चोलापुर क्षेत्र में उस समय लोगों की सांसें थम गईं, जब बेला-पहाड़िया मार्ग पर रौनाखुर्द गांव के पास नाद नदी के पुल से एक कार अचानक लगभग 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी। कुछ क्षण के लिए मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि बड़ा हादसा हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद जो खबर आई उसने सभी को राहत दे दी।
मिली जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के पतरही निवासी अभिनंदन जायसवाल अपनी बुआ को चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुनारी गांव छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार (यूपी 65 सीडी 8071) रौनाखुर्द स्थित नाद नदी के पुल पर पहुंची, अचानक सड़क पर एक बालक आ गया। बालक को बचाने के लिए चालक ने तेजी से कार मोड़ी, लेकिन इसी कोशिश में वाहन अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते पुल की रेलिंग पार कर सीधा नीचे नदी में जा गिरा।
कार के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और किसी तरह कार में फंसे चालक को बाहर निकाल लिया। हैरत की बात यह रही कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद चालक अभिनंदन जायसवाल को गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गए।
ग्रामीणों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि कुछ पल के लिए सभी की धड़कनें थम सी गई थीं। बताया जा रहा है कि अभिनंदन की शादी महज तीन दिन पहले ही हुई है और वह पारिवारिक काम से अपनी बुआ को छोड़ने गए थे।
समाचार लिखे जाने तक स्थानीय लोगों की मदद से कार को नदी से बाहर निकालने का प्रयास जारी था, जबकि इस चमत्कारिक बचाव की चर्चा पूरे इलाके में होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *