Home / Uncategorized / स्वच्छता की सारथी बनीं काशी की बेटियां, 82 महिलाओं को मिला ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ सम्मान

स्वच्छता की सारथी बनीं काशी की बेटियां, 82 महिलाओं को मिला ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ सम्मान

पूर्वांचल राज्य
वाराणसी।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत शुक्रवार को नगर निगम सभागार में ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 8 से 14 मार्च तक चल रहे अभियान के अंतर्गत स्वच्छता और होम कंपोस्टिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 82 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में महिला सफाई निरीक्षक, महिला सफाई कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गृहणियां शामिल रहीं। इन महिलाओं ने अपने घरों और कार्यक्षेत्र में गीले कचरे से जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया अपनाकर न केवल स्वच्छता का उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब एक महिला जागरूक होती है तो उसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर को डंपिंग यार्ड के बोझ से बचाने के लिए ‘जीरो वेस्ट’ मॉडल को अपनाना जरूरी है और होम कंपोस्टिंग इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
कार्यक्रम में महिलाओं को घर पर जैविक खाद तैयार करने की सरल विधि भी बताई गई। इसके अनुसार किसी पुराने गमले या बाल्टी में हवा के लिए छोटे-छोटे छेद कर नीचे सूखी पत्तियां या टहनियां रखी जाती हैं। इसके ऊपर रसोई से निकलने वाला गीला कचरा डालकर हल्का नम रखा जाता है और सप्ताह में एक बार इसे पलट दिया जाता है। करीब दो से तीन माह में यह कचरा बेहतरीन जैविक खाद में बदल जाता है।

कार्यक्रम का संचालन सरिता तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह ने दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *