पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम द्वारा जलकर पर दी जा रही सरचार्ज माफी की योजना की अवधि 31 मार्च को समाप्त हो रही है। इसके बाद बकाया कर वसूली के लिए सरचार्ज सहित कुर्की और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपना बकाया जमा कर छूट का लाभ उठा लें।
नगर निगम के अनुसार इस योजना का शहर में व्यापक असर देखने को मिला है। बीते 53 दिनों (19 जनवरी से 12 मार्च) के दौरान 21,823 भवन स्वामियों ने सक्रियता दिखाते हुए लगभग 29 करोड़ रुपये का गृहकर व जलकर जमा किया है। वहीं इस अवधि में नागरिकों ने करीब 44 करोड़ रुपये की सरचार्ज माफी का लाभ भी उठाया, जो जमा की गई मूल राशि से अधिक है।
वित्तीय वर्ष के अंतिम माह को देखते हुए नगर निगम ने करदाताओं को सुविधा देने के लिए 14 मार्च (द्वितीय शनिवार) और 15 मार्च (रविवार) को अवकाश के बावजूद टैक्स विभाग के सभी कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया है। इन दिनों नगर निगम मुख्यालय तथा सभी जोनल कार्यालयों में गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा किया जा सकेगा।
नगर निगम ने डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। भवन स्वामी घर बैठे क्यूआर कोड या नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी कर जमा कर सकते हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 में बकाया राशि पर पूर्व के सभी ब्याज जोड़कर वसूली की जाएगी तथा डिफाल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से 31 मार्च तक कर जमा कर सरचार्ज माफी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।










