19 बिस्किट (2.215 किलोग्राम) के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बृहस्पतिवार देर रात्रि डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से 19 सोने के बिस्किट के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद सोने का कुल वजन 2.215 किलोग्राम और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.54 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर जांच के दौरान टीम को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर दो युवकों के पास से 116-116 ग्राम के 19 सोने के बिस्किट बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र निवासी बालासोर और तेजस बालासाहेब पवार के रूप में हुई है।
मामले का खुलासा करते हुए जीआरपी आईजी एन. कोलांची ने बताया कि बरामद सोना 24 कैरेट का है और इसे अफ्रीका से बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल लाया गया था। वहां से तस्कर इसे लेकर दिल्ली डिलीवरी देने जा रहे थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि तस्करों को यह जानकारी नहीं होती थी कि सोने की डिलीवरी किसे देनी है। उन्हें एक मोबाइल फोन दिया जाता था और उसी के जरिए निर्देश मिलते थे। दिल्ली पहुंचने से पहले कॉल कर डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति की जानकारी दी जाती थी और मोबाइल भी उसी को सौंपना होता था।
आईजी जीआरपी के अनुसार पकड़ा गया आरोपी पिछले तीन महीनों में 35 से 40 बार इस तरह की तस्करी कर चुका है। इससे पहले भी वह पकड़ा जा चुका है, लेकिन हर बार छूटने के बाद फिर इसी धंधे में शामिल हो जाता था।
फिलहाल बरामद सोना कस्टम विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की टीमें इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।










