Home / Uncategorized / पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी

पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी

चंदौली के 1.98 लाख किसानों के खाते में पहुँची सम्मान निधि

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से 22वीं किस्त शुक्रवार को जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से शाम 5 बजे देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि हस्तांतरित की।

उप कृषि निदेशक चंदौली भीमसेन ने बताया कि इस अवसर पर जनपद चंदौली के कुल 1,98,246 किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त सीधे हस्तांतरित की गई। योजना के अंतर्गत जिले के कृषि विज्ञान केंद्र, सभी विकास खंडों तथा ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी कराया गया।

कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक ने नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाली 44 कृषि सखियों और सीआरपी को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वाले किसानों को बधाई भी दी।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डा. नरेन्द्र रघुवंशी, वैज्ञानिक डा. अमित सिंह, अवर अभियंता मानसिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ अरुण कुमार यादव, कृषि विभाग धानापुर के अमित कुमार प्रजापति सहित प्रगतिशील किसान रिपुसूदन पाण्डेय, ओंमकार सिंह, शारदा पाठक तथा बड़ी संख्या में कृषक और कृषि सखियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *