घर-घर डिलीवरी ठप, उपभोक्ता सुबह से छीतमपुर गैस गोदाम पर लाइन में एजेंसी ने कहा गैस की कमी नहीं
पूर्वांचल राज्य, वाराणसी (चौबेपुर)
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते अमेरिका–ईरान तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। चौबेपुर क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी समय से नहीं पहुंच पा रही है, जिसके कारण लोग खुद गैस गोदाम पहुंचकर सिलेंडर लेने को मजबूर हो गए हैं।क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग कराने के कई दिन बाद भी सिलेंडर घर तक नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग छीतमपुर स्थित गैस गोदाम पहुंचकर लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय ग्रामीण अनिल चौरसिया, विजय सिंह सहित कई लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं की गई तो घरों की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से गैस आपूर्ति व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
इस संबंध में साई गैस एजेंसी के जिम्मेदार पर्सन प्रियांशु चतुर्वेदी ने बताया कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि 2 से 3 दिनों में गैस लेकर टैंकर आ रहा है, इसी वजह से उपभोक्ता गोदाम पर पहुंचकर सिलेंडर लेने के लिए भीड़ लगा रहे हैं। एजेंसी की ओर से स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।










