पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
जनपद में रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच आदिशक्ति एचपी गैस के मालिक तथा जिला पंचायत सदस्य अभय कुमार सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि उपभोक्ता किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कई जगहों पर गैस की कमी की अफवाह फैल रही है, जिससे उपभोक्ताओं में अनावश्यक चिंता की स्थिति बन रही है। जबकि हकीकत यह है कि एजेंसी के पास गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और नियमित रूप से सप्लाई भी आ रही है।
अभय कुमार सिंह ने कहा कि सभी उपभोक्ता अपनी गैस बुकिंग सामान्य प्रक्रिया के तहत कराएं और धैर्य रखें। बुकिंग के लगभग 24 घंटे के भीतर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। एजेंसी की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी अपील की कि उपभोक्ता एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल बुकिंग के माध्यम से ही गैस प्राप्त करें। इससे व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंच सकेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को किसी प्रकार की समस्या होती है तो वह सीधे एजेंसी से संपर्क कर सकता है। एजेंसी हर संभव मदद के लिए तत्पर है और उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अफवाहों से बचें, गैस की कोई कमी नहीं – 24 घंटे में मिलेगी होम डिलीवरी: अभय कुमार सिंह










