पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
राबर्टसगंज (सोनभद्र ) उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा जिले के छह केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया।
जिले में यह परीक्षा शनिवार और रविवार को दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसके लिए कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन कराया गया, जिसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरे जिले को दो जोन और छह सेक्टर में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
सभी परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस कार्यालय परिसर में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं एलआईयू की टीम सादे वर्दी में परीक्षा पर पैनी नजर बनाए हुए है।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा के दौरान व्हाइटनर, रेजर और ब्लेड के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।










