पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
शक्तिनगर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के चिल्का डार मार्केट में शिव मंदिर के पास स्थित एक कबाड़ की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।
आग की चपेट में पास में रखी पान की गुमटी भी आ गई, जिससे वहां मौजूद सामान को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने से विनोद केशरी की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और मामले की पुलिस प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है।










