Home / Uncategorized / रेणुकूट में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में

रेणुकूट में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

रेणुकूट (सोनभद्र)। स्थानीय व्यापार मंडल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को चुनाव प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव की सूचना क्षेत्रीय उपजिलाधिकारी निखिल यादव को दी। इस दौरान प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का आश्वासन दिया। उपजिलाधिकारी ने समिति सदस्यों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

शनिवार तक व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद के लिए पांच व्यापारियों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अध्यक्ष पद की दौड़ में सत्येंद्र कुमार यादव, रामकुमार जायसवाल, अलाउद्दीन, बृज किशोर गुप्ता और सैयद अली अंसारी शामिल हैं। इन नामों के सामने आने के बाद बाजार क्षेत्र में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं और व्यापारी वर्ग में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी जारी है। चुनाव प्रबंधन समिति के अनुसार अब तक लगभग 400 व्यापारियों ने सदस्यता लेकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। यह संख्या आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है।

चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 11 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। इस समिति में शिवकुमार सिंह, बिंदु गिरी, अमरेंद्र सिंह, रियासत अली, उमानाथ, रामचंद्र, विजय प्रताप सिंह, यतीश पटेल, राज वर्मा, नागेंद्र जायसवाल और आनंद अग्रहरि शामिल हैं।
समिति के सदस्य नामांकन, जांच, मतदान और मतगणना सहित पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

नगर के व्यापारियों में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और बैठकों के साथ चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। व्यापारियों का मानना है कि नए नेतृत्व के चयन से व्यापारिक हितों को मजबूती मिलेगी और बाजार से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *