पूर्वांचल राज्य
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार सुबह ईश्वरगंगी वार्ड का औचक निरीक्षण कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईश्वरगंगी तालाब के आसपास की स्थिति देखी और तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के साथ वहां दो बड़े डस्टबिन रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि स्थानीय लोग इधर-उधर कूड़ा न फेंकें और क्षेत्र स्वच्छ बना रहे।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वार्ड में निर्माणाधीन नई सड़क की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएं।
इस दौरान उन्हें यह शिकायत भी मिली कि वार्ड में घर-घर से कूड़ा उठान की व्यवस्था नियमित रूप से नहीं हो रही है। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कूड़ा उठान करने वाली संस्था को निर्देशित किया कि वार्ड के प्रत्येक घर से नियमित रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
निरीक्षण के समय जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा, जलकल के अधिशासी अभियंता, सामान्य अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता तथा मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










