Home / Uncategorized / कड़ी सुरक्षा के बीच उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा संपन्न

कड़ी सुरक्षा के बीच उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा संपन्न

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली। उ0प्र0 पुलिस भर्ती व पदोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा शनिवार को जनपद के विभिन्न केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, नकल विहीन और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर बनाए गए कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा परीक्षा कक्षों में पहुंचकर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र व आधार कार्ड की जांच प्रक्रिया भी देखी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर, जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी केंद्र पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में पंजीकृत 3600 अभ्यर्थियों में से 2488 उपस्थित रहे, जबकि 1112 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3600 अभ्यर्थियों में से 2606 उपस्थित हुए और 994 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा पूरे जनपद में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *