योजनाओं व आधुनिक खेती की ली जानकारी
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली। जनपद के नियमताबाद क्षेत्र स्थित लौदा गांव के समीप आईटीसी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय किसान महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ, पात्रता तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विशेषज्ञों से विस्तार से जानकारी ली। विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है और आवेदन की प्रक्रिया किस प्रकार पूरी की जाती है।
महोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉल किसानों के आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों पर आधुनिक खेती, उन्नत बीज, कृषि उपकरण, जैविक खेती तथा नई कृषि तकनीकों से संबंधित जानकारी दी गई। किसानों ने स्टॉलों पर पहुंचकर जानकारी हासिल की और कई कृषि उत्पादों में रुचि भी दिखाई।
इस दौरान यथार्थ मेडिकल कॉलेज के एक प्रोफेसर ने किसानों और उनके बच्चों को संबोधित करते हुए बच्चों को गीत, संगीत और चित्रकला जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के संबंध में चौपाल सागर के मैनेजर सुनील सिंह ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संस्कृत से संबंधित प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
इस अवसर पर आईटीसी के एन.जे. नारायण, सुशील सिंह, सुनील, रवि, अनूप, रविंदर सहित डीएफओ के डायरेक्टर और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। किसानों की उत्साहजनक भागीदारी को देखते हुए आयोजकों ने महोत्सव को सफल बताया।










