Home / Uncategorized / चोलापुर थाना की कमान संभालेंगी प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया

चोलापुर थाना की कमान संभालेंगी प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया

12 सप्ताह तक रहेगा स्वतंत्र प्रभार, प्रशिक्षण का होगा महत्वपूर्ण हिस्सा

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर 77वें आरआर (वर्ष 2023) बैच की परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया को जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण के अंतर्गत थाना चोलापुर का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के आदेशानुसार उन्हें 12 सप्ताह के लिए थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
इस दौरान आईपीएस मानसी दहिया क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा थाना प्रशासन के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगी। प्रशिक्षण अवधि में वे अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देंगी।
इसके साथ ही जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और थाना प्रबंधन से जुड़े प्रशासनिक कार्यों का भी नेतृत्व करेंगी। पुलिस आयुक्तालय की ओर से इसे प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से अधिकारी को जमीनी स्तर पर पुलिस व्यवस्था का अनुभव प्राप्त होगा।
हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली मानसी दहिया ने बीएससी और बीएड की पढ़ाई की है। अब प्रशिक्षण के तहत उन्हें चोलापुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *