Home / Uncategorized / खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन व्यापारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता मानकों की दी गई जानकारी

खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन व्यापारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता मानकों की दी गई जानकारी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के तत्वावधान में बलिया शहर के पैराडाइज डायमंड में खाद्य सुरक्षा से संबंधित एक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के खाद्य पदार्थों से जुड़े व्यापारियों, दुकानदारों और होटल संचालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की बिक्री के दौरान स्वच्छता, गुणवत्ता और सरकारी मानकों का पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सामग्री को साफ-सुथरे वातावरण में तैयार और संग्रहित करना आवश्यक है। विभाग ने एक्सपायरी डेट, पैकिंग और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने, खाद्य पदार्थों में मिलावट से बचने और स्वच्छता मानकों का पालन करने की सलाह दी।
हरेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि विभाग समय-समय पर निरीक्षण करता है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाती है। प्रदेश स्तर से आए प्रशिक्षक विवेक पाठक ने फास्ट ट्रैक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा कानून, पैकेजिंग, लेबलिंग और स्वच्छता मानकों के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद गांधी और उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता सहित शहर के कई सम्मानित व्यापारियों ने भाग लिया। उन्होंने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में विभाग की ओर से व्यापारियों से अपील की गई कि वे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करें, ताकि आम लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *