पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। सदर कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने नेवी में सिलेक्ट होने के बाद महिला को छोड़ दिया। पहले शादी का झांसा देकर छह साल तक शारीरिक संबंध बनाता रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, वादिनी ने थाना स्थानीय पर शिकायत दर्ज कराई थी कि कृष्णा राजभर पुत्र सुरेन्द्र राजभर निवासी सहतवार पुरब टोला, फुलवारी, थाना सहतवार, जिला ने पिछले 6 सालों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला गर्भवती हो गई, तो कृष्णा राजभर ने उससे कहा कि वह अभी नेवी की तैयारी कर रहा है और उसके पास कमाई का कोई स्रोत नहीं है। उसने महिला को दवा खाकर गर्भपात कराने और नौकरी लगने के बाद शादी करने का आश्वासन दिया। महिला ने कृष्णा की बात मानकर गर्भपात करा लिया। इसी बीच कृष्णा की नेवी में नौकरी लग गई। नौकरी लगने के बाद जब महिला ने शादी की बात कही, तो कृष्णा ने उसे अपने घर वालों से बात करने को कहा। महिला जब कृष्णा के घर गई और बात करने का प्रयास किया, तो कृष्णा के घर वालों ने उसे घर से भगा दिया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने जब यह बात कृष्णा को बताई, तो उसने कहा कि उसके घर वाले सही कह रहे हैं। इस संबंध में थाना स्थानीय द्वारा संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई थीं। शनिवार को उप निरीक्षक रंजीत विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर मु0अ0सं0-069/26 धारा 69, 89, 352, 351 (3) बीएनएस थाना कोतवाली जनपद बलिया से संबंधित वांछित अभियुक्त कृष्णा कुमार राजभर को बैष्णवी लाज, सहतवार, थाना सहतवार, जनपद बलिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।
शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार










