पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
जनसामान्य को त्वरित, सुलभ और निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को महराजगंज न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री विवेक वर्मा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए तैयार विशेष जागरूकता वाहन को न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके माध्यम से मिलने वाले त्वरित न्याय के बारे में जानकारी देगा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सराहनीय पहल देखने को मिली। न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने न्यायालय परिसर में रुद्राक्ष के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालतें समाज के लिए न्याय की सरल और प्रभावी व्यवस्था प्रदान करती हैं, जिससे गरीब और आमजन को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महराजगंज, पुलिस अधीक्षक महराजगंज, जिला न्यायाधीश, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोक अदालत की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सुलभ, सरल और प्रभावी बनाया जा सके। जिले में इस पहल से न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।










