पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
पिपरी (सोनभद्र) स्थानीय अनंत पद्मावती सेवा आश्रम परिसर में रविवार को निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य परामर्श और उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद पटेल ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी। पिपरी, रेणुकूट तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे और इस सेवा का लाभ उठाया।
डॉ. आनंद पटेल ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण इन दिनों वायरल फीवर और अन्य मौसमी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। ऐसे में लोगों को साफ-सफाई और संतुलित खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से कई बीमारियों से बचाव संभव है।
आश्रम संचालक पंडित वीर विक्रम नारायण पांडेय ने बताया कि आश्रम परिसर में प्रत्येक रविवार को निःशुल्क चिकित्सा सेवा आयोजित की जाती है, जिससे विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलती है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी बताया।










