पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
पन्नूगंज (सोनभद्र ) स्थानीय थाना क्षेत्र रामगढ़ में 12 वर्षीय बालक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। थाना पन्नूगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 की रात लगभग 8:15 से 8:30 बजे के बीच कस्बा रामगढ़ में एक बालक की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की वादी शिव मूरत गुप्ता ने बताया कि उनका नाती आर्यन गुप्ता अपने मित्र राज चौहान के साथ खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपी ने दोनों बच्चों को पकड़ लिया और अंधेरे में ले जाकर आर्यन गुप्ता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
इस मामले में थाना पन्नूगंज में मुकदमा संख्या 48/2026 के तहत धारा 61(2) और 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसओजी की चार टीमों का गठन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 मार्च 2026 को दोपहर 1:05 बजे आरोपी दिवाकर गुप्ता (उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी कसारी, थाना पन्नूगंज) को पकरहट नहर पुलिया, राकी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका वादी पक्ष के साथ मकान के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। साथ ही उसे मृतक की मां पर जादू-टोना करने का शक था। लगभग 15 वर्ष पहले उसके भाई की जलकर हुई मौत को लेकर भी उसे वादी पक्ष पर संदेह था। इन्हीं कारणों से उसने इस घटना को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में थाना पन्नूगंज के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह, एसओजी व सर्विलांस प्रभारी राजेश चौबे सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।










