Home / Uncategorized / नए शैक्षिक सत्र में स्कूल चलो अभियान को लेकर बीएसए ने किया दिशा-निर्देश जारी

नए शैक्षिक सत्र में स्कूल चलो अभियान को लेकर बीएसए ने किया दिशा-निर्देश जारी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। नए शैक्षिक सत्र में स्कूल चलो अभियान को लेकर बीएसए मनीष कुमार सिंह ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। बताया कि यह अभियान दो चरणों में चलेगा। पहला चरण 1 से 15 अप्रैल और दूसरा चरण 1 से 15 जुलाई तक आयोजित होगा।प्रत्येक विद्यालय में स्कूल चलो अभियान के पूर्व एसएमसी द्वारा अभिभावकों के साथ अनिवार्य रूप से बैठक आयोजित की जाए तथा उन्हें बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया जाए। अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और कक्षा से कक्षा में बच्चों की शत-प्रतिशत निरंतरता बनाए रखना है। बीएसए ने बताया कि तीन से पांच वर्ष के बच्चों का आंगनबाड़ी (बाल वाटिका) में, छह वर्ष के बच्चों का कक्षा एक तथा 7 से 14 वर्ष तक के सभी ड्रॉपआउट व स्कूल से बाहर बच्चों का दोबारा नामांकन कराया जाएगा। अभियान के तहत बालिकाओं, दिव्यांग बच्चों, झुग्गी-झोपड़ी
और ईंट-भट्ठों में रहने वाले बच्चों के नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर, बैनर, दीवार लेखन, रैली, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम इत्यादि माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व शिक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है। बीएसए ने निर्देश दिया है कि नए सत्र से पहले विद्यालयों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जाए और प्रथम दिवस बच्चों का स्वागत उत्साहपूर्वक किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *