पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–I एवं इकाई–II द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पंचम दिवस को फ़ाइलेरिया जागरूकता अभियान के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को फ़ाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण तथा बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बसंतपुर में एक जागरूकता रैली निकाली गई। यह शिविर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण एवं निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। जागरूकता रैली में एनएसएस के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने हाथों में जागरूकता से जुड़े नारे और संदेश लिखी तख्तियां लेकर ग्रामीणों को फ़ाइलेरिया जैसे गंभीर रोग के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने लोगों को बताया कि फ़ाइलेरिया एक संक्रामक रोग है, जो मच्छरों के माध्यम से फैलता है। इसलिए इसके बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखना, मच्छरों से बचाव करना तथा समय-समय पर सरकार द्वारा दी जाने वाली दवाओं का सेवन करना अत्यंत आवश्यक है। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि फ़ाइलेरिया से बचाव के लिए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पानी का जमाव न होने दें और मच्छरदानी का प्रयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लें और दवा सेवन कार्यक्रम में सहयोग करें। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया। इस दौरान उन्होंने बसंतपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें फ़ाइलेरिया के प्रति जागरूक किया और इस रोग से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में भी इस विषय पर जागरूकता फैलाने की अपील की। इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय, अपायल में एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गोष्ठी का विषय “बदलती अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसर” था। इस गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. प्रेम प्रकाश कुशवाहा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती आर्थिक परिस्थितियों के साथ रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न हो रहे हैं। युवाओं को चाहिए कि वे अपने कौशल और ज्ञान को विकसित करते हुए इन अवसरों का लाभ उठाएं। कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल विजय सिंह एवं डॉ. संजीव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के पंचम दिवस फ़ाइलेरिया जागरूकता रैली का आयोजन










