Home / Uncategorized / डीएम ने किया कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण, सफाई और मरम्मत के दिए निर्देश

डीएम ने किया कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण, सफाई और मरम्मत के दिए निर्देश

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनसुनवाई को प्रभावी बनाने में लगातार सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। समाधान दिवस और थाना दिवस पर वे स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और भवनों की मरम्मत के कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। कई स्थानों पर जहां लंबे समय से विकास कार्य नहीं हुए थे, वहां पूरे भवन को सफेद रंग से रंगवाने का कार्य शुरू कराया गया। साथ ही जिलाधिकारी ने परिसर में अव्यवस्थित रूप से लगी कई गुमटियों को हटाने के निर्देश नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा को दिए। साथ ही नगर क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका बलिया के अधिशासी अधिकारी को कड़े निर्देश जारी किए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आगामी मंगलवार को आजमगढ़ मंडल के मंडलायुक्त के जनपद आगमन की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, हेमंत कुमार (स्टेनो अपर जिलाधिकारी) सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *